गाजियाबाद। एनएच-नौ पर सोमवार सुबह नोएडा में छिजारसी के पास सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। गुस्साए स्वजन ने सुबह करीब छह बजे एनएच-नौ पर जाम लगा दिया। इससे लालकुआं से दिल्ली जाने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया।
सप्ताह का पहला कामकाजी दिन होने की वजह से वाहनों का दबाव सड़क पर ज्यादा होने की वजह से सुबह सात बजे तक ही करीब पांच किमी तक वाहन चालक जाम में फंस गए। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जाम से वाहन चालकों को राहत मिली। छिजारसी के पास बाइक पर जा रहे अनुज और उनकी पत्नी मोनिका को कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में मोनिका की मौत हो गई।
क्रॉसिंग रिपब्लिक तक लगी वाहनों की कतार
गुस्साए स्वजन ने लालकुआं से दिल्ली जाने वाली लेन पर जाम लगा दिया। पूरा रोड ब्लाक करने से कुछ ही देर में हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। सुबह करीब आठ बजे तक वाहनों की लाइन क्रॉसिंग रिपब्लिक तक पहुंच गई।
नोएडा पुलिस ने किसी तरह मोनिका के स्वजन को समझाकर शव को मौके से हटाने के लिए राजी किया। इसके बाद हाईवे को वाहनों के लिए खोला गया। यातायात सामान्य होने में इसके बाद भी एक घंटे लग गए।
क्या बोले लोग?
जाम से बेहाल हुए लोग गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से छिजारसी तक आने में डेढ़ घंटा लग गया। जाम के कारण देरी से आ पाए। आटो वाले ने बताया कि एक्सीडेंट की वजह से जाम लगा हुआ है। –शिवानी
विजयनगर से नोएडा सेक्टर-62 तक जाने में ही करीब सवा घंटा लग गया। पूरे रास्ते वाहन बेहद धीमी गति से चले। – सुषमा