रामनगर। कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत ढेला मार्ग पर एक बाइक सवार की लापरवाही से उसकी जान पर बन आई थी। जबरन हाथी के किनारे से बाइक निकाल रहा युवक बाल-बाल बच गया। हाथी ने भगाया तो बाइक फेंककर युवक किसी तरह अपनी जान बचा पाया।
Uttrakhand| जिम कार्बेट में एक हाथी जंगल से सड़क पर आ गया. बाइकर की एंट्री से वह नाराज दिखा. हाथी ने बाइकर के पीछे दौड़ लगा दी. बाइकर ने तेजी से यू-टर्न लिया और भाग गया. दूसरा बाइकर बाइक को सड़क पर गिराकर जंगल में भाग गया pic.twitter.com/diASWt0Pu1
— विख्यात खबरें (@VKhabrein) February 11, 2026
कार्बेट प्रशासन बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास कर रहा है। ढेला गांव को जाने वाला मार्ग कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगल से होकर गुजरता है। ढेला गांव के लोगों की आवाजाही इस मार्ग पर दिन भर रहती है। क्योंकि गांव के लोग खरीदारी के लिए रामनगर आते हैं। साथ ही पर्यटक ढेला व झिरना पर्यटन जोन में सफारी के लिए भी इसी मार्ग से जाते हैं।
शनिवार शाम को हाथियों का झुंड ढेला क्षेत्र में नजर आया। रविवार को सुबह एक हाथी सड़क पर आ गया। दोनों ओर वाहन जहां तहां खड़े थे। ढेला रेंज के वन कर्मियों ने बताया कि एक बाइक सवार युवक ने लापरवाही बरतते हुए जबरन हाथी के किनारे से निकलने का प्रयास किया।
युवक को आता देख हाथी उसकी ओर हमला करने के मकसद से भागा। युवक ने बाइक वापस मोड़ी और तेज स्पीड से आने लगा। लेकिन हाथी बाइक सवार के पीछे भागता रहा तभी युवक की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
युवक ने बाइक छोड़कर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना का कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया। कुछ देर बाद हाथी जंगल को चला गया। वन कर्मियों ने बताया कि हाथी की वजह से कई वाहन खड़े थे। लेकिन बाइक सवार जबरन हाथी के नजदीक तक पहुंच गया था।













