बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला सिपाही को एक हिस्ट्रीशीटर शादी से कुछ घंटे पहले अपहरण कर ले गया। महिला सिपाही के अपहरण से पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एसएसपी ने महिला सिपाही की बरामदगी को एसटीएफ सहित पुलिस की दो टीमों को लगाया। एसटीएफ टीम ने 14 घंटे बाद महिला सिपाही को मवाना रोड स्थित बक्सर चौराहे से बरामद कर लिया।
गांव निवासी महिला सिपाही की रविवार रात बरात आनी थी। बरात के स्वागत की सभी तैयारी पूरी हो चुकी थी और सभी रिश्तेदार भी आ चुके थे। बेटी की शादी को लेकर पूरे परिवार में खुशी थी।
शनिवार देर रात करीब ढाई बजे मवाना थाना क्षेत्र के गांव ढिकौली निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान अपने साथियों के साथ उसके गांव पहुंचा और तमंचे के बल पर महिला सिपाही का अपहरण कर ले गया। बेटी का अपहरण होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित स्वजन ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने मामले का संज्ञान लेते हुए महिला सिपाही की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ सहित पुलिस की दो टीमों को लगाया। रविवार शाम 5:30 बजे एसटीएफ व पुलिस की टीम ने महिला सिपाही को मवाना रोड स्थित बक्सर चौराहे से बरामद कर लिया।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि महिला सिपाही के पिता की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। महिला सिपाही का मेडिकल करा दिया है। सोमवार को कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराएं जाएंगे।
हिस्ट्रीशीटर अंकित पर 10 मुकदमे दर्ज
ढिकौली गांव निवासी अंकित चौहान मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अंकित चौहान पर लूट, हत्या व जानलेवा हमले के नौ मुकदमे दर्ज है। बहसूमा थाने में अब उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी में जुटी है।













