बांदा डबल अटैक केस का दुखद अंत: पत्नी-बेटी पर हमला कर फरार सिपाही का छठवें दिन यमुना में मिला शव

WhatsApp Image 2026-01-19 at 20.54.50

बांदा । उत्तर प्रदेश के बांदा ज़िले के मरका थाना क्षेत्र में पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर तवे से जानलेवा हमला कर फरार हुए डायल-112 में तैनात सिपाही गौरव यादव के मामले का सोमवार को दुखद अंत हो गया। सिपाही का शव यमुना नदी में पुल से करीब 400 मीटर दूर रमसोलेपुर के सामने कालिका मंदिर घाट के पास उतराता हुआ मिला, जिसे पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया।

एसआई दुर्ग विजय सिंह के नेतृत्व में निकाला गया शव

शव की बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक (एसआई) दुर्ग विजय सिंह के नेतृत्व में की गई। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम भी मौके पर मौजूद रही। वारदात के बाद से लगातार यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, लेकिन तेज बहाव के कारण शव नहीं मिल पा रहा था।

मरका थाना निरीक्षक मिथिलेश सिंह आरोपी के गांव फर्रुखाबाद गए थे

आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी और जांच के लिए थाना निरीक्षक मरका मिथिलेश सिंह पुलिस टीम के साथ रविवार रात उसके पैतृक गांव कुइंयाबूट, थाना मऊदरवाजा, जिला फर्रुखाबाद गए थे, ताकि परिजनों से पूछताछ कर अहम जानकारी जुटाई जा सके। इसी दौरान सोमवार को उन्हें फोन के माध्यम से यमुना नदी में शव मिलने की सूचना दी गई, जिसके बाद वह टीम के साथ वापस मरका लौट रहे हैं।

मकर संक्रांति की रात मेला दिखाने के बाद की थी खौफनाक वारदात

पुलिस के अनुसार गौरव यादव मरका थाने में पीआरवी चालक के पद पर तैनात था और मरका कस्बे में किराए के मकान में पत्नी शिवानी (27 वर्ष) और बेटी परी (3 वर्ष) के साथ रहता था।
मकर संक्रांति की रात वह पत्नी और बेटी को मरका का मेला दिखाने ले गया था। रात करीब 9 बजे घर लौटने के बाद किसी पारिवारिक विवाद आपसी मतभेद को लेकर उसने दरवाजा बंद कर कुल्हाड़ी से पत्नी और मासूम बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान मासूम की मौत, महिला की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही मरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा भेजा गया, जहां इलाज के दौरान तीन वर्षीय परी की मौत हो गई, जबकि महिला शिवानी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

भाई को फोन कर दी थी जुर्म की जानकारी, फिर यमुना में कूदने की सूचना

वारदात के बाद आरोपी सिपाही ने अपने भाई को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि वह रामनगर कौहन/मरका स्थित यमुना नदी के पुल से नदी में कूद गया है, जिसके बाद एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और पुलिस बल द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।

छठवें दिन मिला शव, क्षेत्र में शोक का माहौल

लगातार तलाश के बाद सोमवार को छठवें दिन उसका शव पुल से लगभग 400 मीटर दूर कालिका मंदिर घाट के पास मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर मासूम बच्ची की मौत और दूसरी ओर एक पुलिसकर्मी द्वारा की गई यह जघन्य वारदात समाज और व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

#banda #doubleattack #doublemurder #112police

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें