गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। भोपुरा लोनी रोड पर कोयल एंक्लेव के पास एलपीजी सिलेंडरों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दिल्ली के एक युवक, उसकी पत्नी और एक बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के बुराड़ी ललित (37), उनकी पत्नी पिंकी (34) और 10 साल के बड़े बेटे आरव और सात साल के बेटे नीरव के साथ लोनी में एक रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। शाम वापस दिल्ली लौटने के दौरान वो जैसे ही कोयल एंक्लेव के पास पहुंचे तभी सड़क पर गड्ढे से बचने के लिए उन्होंने बाइक को थोड़ा बाएं मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा परिवार बाइक समेत ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक बाइक को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया और ललित, उसकी पत्नी पिंकी और बड़े बेटे आरव को बुरी तरह कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा नीरव गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने लोनी मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम लगा रहे लोगों को शांत कराकर ट्रैफिक चालू कराया। इधर हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। एसीपी अतुल कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। एक झटके में खत्म हुए इस परिवार की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।














