नूंह | नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई–बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव गुजर नंगला के पास एक प्राइवेट बस और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस के शीशे टूट गए और वाहन का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भवानी सिंह पुत्र बाबू राम, निवासी खेड़ा मंगल, जिला अलवर के रूप में हुई है। वह बस का परिचालक था। दूसरे मृतक मोहर सिंह पुत्र रमेश चंद मीना, निवासी खेगरिया, जिला दौसा हैं, जो दिल्ली पुलिस में जवान थे।
कोहरा और तेज रफ्तार बनी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सवा सात बजे एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक साइड दबा दी। ट्रक को ओवरटेक कर रही प्राइवेट बस का संतुलन बिगड़ गया और वह लेफ्ट साइड से ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक आगे निकल गया।
अल आफिया अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल यात्रियों को एम्बुलेंस की मदद से अल आफिया अस्पताल मांडी गखेड़ा और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कोहरा और तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।













