गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा के तहत 1 सितंबर से लागू किये गए नियम नो हेलमेट नो फ्यूल को गाजियाबाद के कुछ पेट्रोल पंप पलीता लगा रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर तैनात कर्मचारी धड़ल्ले से बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल दे रहे हैं। शुक्रवार को यह नजारा मालीवाड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर देखने को मिला जहां दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पहने पेट्रोल लेते देखा गया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्यव्यापी अभियान ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ शुरू करने की घोषणा की थी। यह अभियान 1 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा। जिसके तहत बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा। लेकिन पेट्रोल पंप अपनी बिक्री के चक्कर में नियमों की अनदेखी कर सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा अभियान तो प्रभावित हो ही रहा है साथ ही लोगों को उनकी जान के प्रति सचेत करने के अभियान को भी पलीता लग रहा है। वहीं महानगर की पुलिस को कुछ दिन पहले ही इसी नियम का हवाला देते हुए बिना हेलमेट पहने व्यक्ति का चालान काटते देखा गया था। अब देखना ये है कि पम्प संचालक सरकार के इस नियम को कितनी संजीदगी से लेते हैं।
