पिछले काफी समय से चल रहा था हाउस टैक्स वृद्धि का विरोध
गाज़ियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स वृद्धि पर रोक लगाने के फैसले के बाद आम लोगों ने राहत की सांस ली है। आम लोगों द्वारा हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध को भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने भी समर्थन दिया और इसका पुरजोर विरोध करते हुए इसे आम आदमी पर बोझ बताया। काफी लंबे चले इस विरोध में पार्षदों ने भी भूमिका निभाई और बोर्ड में आम जनता की इस पीड़ा को उठाते हुए बढ़े हाउस टैक्स को वापस लेने का समर्थन किया। आम जनता और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेत्रत्व की मांग के आगे नगर निगम को अपना हाउस टैक्स वृद्धि का निर्णय वापस लेना पड़ा। हाउस टैक्स वृद्धि वापस होने पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के निवासी मयंक गोयल के कैंप कार्यालय पर पहुंचे और उनको बुके देकर उनका आभार जताया। इस बारे में गुलमोहर निवासी गौरव बंसल ने बताया कि हम सभी समाजसेवी सेवा भारती के महामंत्री राजेश गर्ग के साथ कई बार मयंक गोयल से मिले थे और उनको इस समस्या से अवगत कराया था। जिसके बाद उन्होंने हाउस टैक्स वृद्धि को वापस करवाने के लिए नगर निगम से बात करने का आश्वासन दिया था। मयंक गोयल ने नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर आम जनता की इस समस्या को सुलझाया है। जिसके लिए हम सभी गुलमोहर निवासियों की तरफ से उनका आभार व्यक्त करने आये हैं। साथ ही उन्होंने नगर निगम द्वारा इस निर्णय को वापस लिए जाने की भी सराहना की है। राजेश गर्ग ने कहा कि आम आदमी की आमदनी से ज्यादा उस पर खर्चों के बोझ बढ़े हैं। उस पर ये हाउस टैक्स वृद्धि कमर तोड़ने वाली थी। इसी सम्बन्ध में काफी समय से प्रयास चल रहा था कि नगर निगम हाउस टैक्स वृद्धि वापस ले। वहीं मयंक गोयल ने कहा कि वह आम जनता के दुखों से सरोकार रखते हैं। एक साथ तीन गुना हाउस टैक्स बढ़ाना आम जनता के साथ अन्याय है। जिसके लिए उन्होंने आवाज़ उठाई और इस निर्णय को नगर निगम को वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह सभी लोगों के साथ उनके सुख दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।